बिलासपुर, 22 मई: जिला में आगामी 26, 28 और 30 मई को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कुल 557 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि इन केंद्रों में 47 अतिसंवेदनशील, 130 संवेदनशील और 380 सामान्य मतदान केंद्र शामिल हैं। विकास खंडों के अनुसार, कुल केंद्रों में से 152 सदर, 191 घुमारवीं, 135 झंडूता और 79 श्री नैना देवी जी ब्लॉक में बनाए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सदर ब्लॉक में 9 अतिसंवेदनशील व 28 संवेदनशील, घुमारवीं में 9 अतिसंवेदनशील व 77 संवेदनशील, झंडूता में 26 अतिसंवेदनशील व 20 संवेदनशील तथा श्री नैना देवी जी ब्लॉक में 3 अतिसंवेदनशील व 5 संवेदनशील केंद्र चिह्नित हैं। प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की पुष्टि की है।



















