हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू बाजार में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति द्वारा युवक पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिमला पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेपाल के दांग जिला के रहने वाले शिकायतकर्ता सूरज आंचल रापती, जो वर्तमान में रोहड़ू बाजार स्थित मीट-मच्छी मार्केट के समीप रहकर शिकड़ी पुल क्षेत्र में पल्लेदारी का कार्य करता है, पर यह हमला हुआ है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी ने शराब के नशे में अचानक उसका रास्ता रोका और किसी नुकीली वस्तु से उसकी दाहिनी कमर तथा बाईं छाती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गया।
लहूलुहान हालत में पीड़ित युवक को तुरंत सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद भी उसकी गंभीर स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।
इस वारदात पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना रोहड़ू की टीम ने आरोपी गोविन्द (40 वर्ष) पुत्र धन बहादुर, निवासी बड़ा खोली, मेहल कुना, जिला सुरिखेत नेपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रोहड़ू थाने में अभियोग संख्या 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 118(1) और 109(1) के तहत मामला दर्ज किया है, जो पूर्व में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 341, 324 और 307 (हत्या का प्रयास) से संबंधित हैं। पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की आगामी छानबीन लगातार जारी है।




















