हमीरपुर के ऊहल वार्ड से जिला परिषद चुनाव में भाजपा की आंतरिक कलह अब पूरी तरह सार्वजनिक हो गई है। पार्टी की समर्थित प्रत्याशियों की सूची से नाम हटाए जाने के बाद ज्योति ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्दलीय तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे हर हाल में यह चुनाव लड़ेंगी। गौरतलब है कि भाजपा ने पहले ज्योति ठाकुर के नाम की घोषणा की थी, लेकिन बाद में अचानक बदलाव करते हुए मंगलेश ठाकुर को अपना अधिकृत प्रत्याशी बना दिया।
ज्योति ठाकुर का कहना है कि पार्टी हाईकमान की मूल सूची में उनका नाम शामिल था, लेकिन किसके कहने पर और क्यों इसे बदला गया, यह बड़ा सवाल है। मंगलेश ठाकुर द्वारा पहले ही नामांकन भरे जाने के बाद अब ज्योति ठाकुर की इस बगावत ने ऊहल वार्ड के चुनावी मुकाबले को बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय बना दिया है।
















