हमीरपुर,
हिमायत परिवहन सेवा निवृत कर्मचारी कल्याण मंच जिला इकाई हमीरपुर की मासिक बैठक बस अड्डा हमीरपुर में जिला प्रधान नन्द लाल चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मंच के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक में एचआरटीसी पेंशनरों को समय पर पेंशन न मिलने के मुद्दे पर गहन चर्चा की गई तथा सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया गया।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने कहा कि परिवहन पेंशनरों के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसे कल्याण मंच किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जुलाई 2025 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अब तक उनका जीपीएफ फंड तक जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और विशेषकर उप मुख्यमंत्री मीडिया में बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।उन्होंने कहा कि मार्च माह की पेंशन अभी तक कई पेंशनरों को नहीं मिल पाई है। हाल ही में परिवहन पेंशनरों का एक प्रतिनिधिमंडल ऊना में उप मुख्यमंत्री से मिला था, जहां उन्होंने अप्रैल माह की पेंशन के साथ 3 प्रतिशत डीए जारी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं।
अजमेर ठाकुर ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों से पेंशनर समाज को केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पेंशनर समाज पंचायत चुनावों में वर्तमान सरकार के उम्मीदवारों के खिलाफ मतदान करेगा।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

















