धर्मशाला नगर निगम चुनाव में नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है, जहाँ वार्ड नंबर 8, 13, 14 और 15 से चुनाव मैदान में उतरे चार निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम मोहित रतन ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अब कुल 54 प्रत्याशी चुनावी रण में शेष बचे हैं, जिनमें से 34 उम्मीदवार भाजपा और कांग्रेस के आधिकारिक चुनाव चिन्ह पर मैदान में हैं, जबकि अन्य उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। प्रशासन द्वारा आजाद उम्मीदवारों को ‘उगता सूरज’, ‘कार’ और ‘ताला-चाबी’ जैसे चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। साथ ही चुनाव आयोग के सख्त निर्देशों के तहत प्रत्येक प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार पर खर्च की अधिकतम सीमा एक लाख रुपये तय की गई है।
17 तारीख को होने वाले मतदान के दिन धर्मशाला में आईपीएल मैच का भी आयोजन होना है, जिसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शहर के पांच संवेदनशील बूथों पर विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए धर्मशाला के एसपी स्वयं इन संवेदनशील बूथों की निगरानी की कमान संभालेंगे। प्रशासन ने जनता को आश्वस्त किया है कि मैच के बावजूद यातायात सुचारू रहेगा और मतदाता बिना किसी असुविधा के निष्पक्ष तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।




















