आगामी 3 मई को होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन बिलासपुर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में परीक्षा की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष जिला बिलासपुर में कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से तीन बिलासपुर मुख्यालय और दो घुमारवीं में स्थित हैं। इन केंद्रों पर कुल 1356 पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त ने अधिकारियों को समय रहते सभी प्रबंध पूरे करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से केंद्रों पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, सुगम परिवहन और इंटरनेट सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और अग्निशमन व्यवस्था को भी अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी होगी। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने और दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं जुटाने के निर्देश भी दिए।

















