धर्मशाला (कांगड़ा): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज कांगड़ा एयरपोर्ट पहुँचे, जहाँ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर राहुल गांधी की अगवानी के लिए मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कैबिनेट मंत्री और कई वरिष्ठ कांग्रेस विधायक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कांगड़ा एयरपोर्ट परिसर के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा, जिन्होंने “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारों के साथ पूरे माहौल को जोश से भर दिया।
राहुल गांधी का यह दौरा कांगड़ा स्थित यात्री सदन में आयोजित कांग्रेस के विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है जहाँ वे शिविर में भाग ले रहे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करेंगे। स्वागत समारोह के तुरंत बाद राहुल गांधी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एयरपोर्ट से सीधे प्रशिक्षण शिविर स्थल के लिए ले जाया गया। एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह, कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा, रघुबीर सिंह बाली और उप-सचेतक केवल सिंह पठानिया सहित अन्य गणमान्य नेता शामिल रहे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि राहुल गांधी की उपस्थिति और उनका मार्गदर्शन प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा जिससे संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
















