नगर निगम और पंचायती राज चुनावों की दस्तक के बीच धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस खेमे में बड़ी सेंधमारी की है। सिद्धपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और एनएसयूआई के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। इस दलबदल में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक शेखू और अंकु बादल की अगुवाई में भारी संख्या में युवाओं और पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सुधीर शर्मा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार से जनता का मोहभंग हो चुका है और आगामी चुनावों में कांग्रेस की स्थिति ऐसी होगी कि उन्हें बूथों पर बैठने के लिए कार्यकर्ता तक नहीं मिलेंगे। उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में एक अहम कदम बताया, वहीं भाजपा संगठन ने भी इस विस्तार को चुनावों में अपनी जीत का आधार करार दिया है।



















