सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। ग्राम पंचायत गड़सा में “सरकार गाँव के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में दर्ज की गई हर समस्या का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए और शिकायतों का निपटारा केवल कागजों तक सीमित न रहे।विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि पेयजल, सिंचाई, विद्युत, सड़क, राजस्व एवं जनहित से जुड़े मामलों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर विभाग यह सुनिश्चित करे कि समाधान का असर जमीन पर दिखे। उन्होंने यह भी कहा कि “सरकार गाँव के द्वार” कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे लोग सीधे सरकार से जुड़कर अपनी समस्याएँ रख सकते हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/lumpy-skin-disea-bilaspuraccination/
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का भी शुभारंभ किया गया, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में बंजार विधानसभा क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया, जिसमें कुल 62 समस्याएँ पंजीकृत की गईं। इनमें से कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया गया जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस, और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एपीएमसी कुल्लू व लाहुल स्पीति के अध्यक्ष मियां राम सिंह ने इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे ग्रामीण जनता को सरकारी सेवाओं का सीधा लाभ मिल रहा है तथा प्रशासन पर जनता का विश्वास बढ़ रहा है।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।




















