सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। ढालपुर क्षेत्र में रविवार को लगने वाली सन्डे मार्केट और रोज़ाना फुटपाथ पर अस्थायी रूप से लगने वाली दुकानों को लेकर व्यापार मंडल कुल्लू ने उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात की और अपनी गंभीर चिंता जताई। व्यापार मंडल ने बताया कि मुख्य सड़क किनारे फुटपाथ आम जनता के आवागमन के लिए बनाए गए हैं, लेकिन सन्डे मार्केट व अस्थायी दुकानों के कारण पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल सार्वजनिक बैठने की सुविधाएं बाधित हो रही हैं, बल्कि सन्डे मार्केट के चलते सड़क पर भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। व्यापारियों ने यह भी कहा कि अस्थायी दुकानों के कारण शहर के स्थायी दुकानदारों के व्यवसाय पर नकारात्मक असर पड़ रहा है, जबकि वे नियमित रूप से किराया और कर का भुगतान करते हैं।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त को शहर से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं से भी अवगत कराया। मंडल अध्यक्ष मदन लाल सूद ने बताया कि टापू पुल से व्यासा मोड़ तक व्यास नदी के किनारे बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सीवरेज व वेट वेल की मरम्मत अभी तक नहीं हुई है, जिससे क्षेत्र के दर्जनों प्रतिष्ठानों को भारी परेशानी हो रही है। साथ ही कुल्लू शहर में आवारा गाय-बछड़ों और कुत्तों की समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे दुर्घटना और गंदगी का खतरा बढ़ रहा है। इसके अलावा टिकरा बावड़ी से रामशिला गैमन पुल तक मुख्य सड़क की स्थिति भी जर्जर है, जहां नालियां क्षतिग्रस्त हैं और बिजली के खंभे सड़क की ओर झुके हुए हैं, जिससे यातायात बाधित और दुर्घटना का जोखिम बना हुआ है। व्यापार मंडल ने उपायुक्त से इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। इस बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष मदन लाल सूद, मुख्य संरक्षक एवं प्रवक्ता दिनेश सेन सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे, और उन्होंने बाद में लोक निर्माण विभाग तथा राज्य विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से भी समस्या समाधान हेतु चर्चा की।





















