सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। ग्राम पंचायत भद्रोल में मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों को लेकर सुलह कांग्रेस द्वारा बूथ स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन संजय चौहान और खाद्य सामग्री आपूर्ति के निदेशक पुनीत मल्लि विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना के साथ छेड़छाड़ करने और श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय चौहान ने कहा कि मनरेगा गरीब, श्रमिक और ग्रामीण परिवारों की जीवनरेखा है और इसके नाम या स्वरूप को बदलने का प्रयास सीधे तौर पर मजदूरों के अधिकारों पर हमला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुलह कांग्रेस श्रमिकों के हक की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ देशभर में चल रहा विरोध अब जनआंदोलन का रूप ले रहा है।
खाद्य सामग्री आपूर्ति के निदेशक पुनीत मल्लि ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार सुलह विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर जनता को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों तक केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों की सच्चाई पहुंचाना है, ताकि मजदूर अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये दिए जाने की घोषणा पर भी खुशी जताई गई और इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि विभाग और बीडीओ भेड़ू महादेव के सहयोग से ग्रामीणों को कृषि उपकरण भी वितरित किए गए, ताकि उन्हें आत्म स्वावलंबन की ओर प्रेरित किया जा सके। नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय, श्रमिक अधिकार और ग्रामीण विकास सुलह कांग्रेस की प्राथमिकताएं हैं।





















