सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कुल्लू–मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बबेली के पास आईटीबीपी परिसर के गेट के समीप एक भयावह सड़क हादसा हुआ है। यहां एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे पोल से टकराया और फिर पैरापिट से जा टकराया, जिससे वाहन में सवार लोगों की चीख-पुकार मच गई। हादसे में दिल्ली निवासी तीन पर्यटक—सोनिया (40), साक्षी (26) और 5 वर्षीय देवीशा—मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर दम तोड़ गए। वहीं वाहन में सवार अन्य तीन लोग सचिन, साहिल और अनिका गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/sufootpath-obstructing-public-movement-trade-association-complain/
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने पुष्टि की कि दुर्घटना की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी और घायल यात्रियों के इलाज पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस घटना ने पर्यटक मार्गों की सुरक्षा और हाईवे पर गति नियंत्रण के महत्व पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।





















