सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मंडी में भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम देश के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना और अधिक सशक्त होती है। कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश से आए 37 युवा प्रतिभागियों ने हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक विरासत से रू-बरू होकर अनुभव प्राप्त किए। युवाओं को प्रदेश की लोक-संस्कृति, रीति-रिवाज, खान-पान और प्राकृतिक सौंदर्य के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने हिमाचल की परंपराओं को नज़दीक से देखने और समझने को एक यादगार अनुभव बताया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/program-fhadrol-panchayat/
राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान का उद्देश्य देश की विविधता को एकता के सूत्र में पिरोना है और युवा इस मिशन के सबसे मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि जब अलग-अलग राज्यों के युवा आपस में संवाद करते हैं, तो सांस्कृतिक दूरी कम होती है और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलती है। वहीं कार्यक्रम में शामिल उत्तर प्रदेश से आए युवाओं ने आयोजन को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस आदान-प्रदान कार्यक्रम से न केवल उन्हें हिमाचल की समृद्ध संस्कृति को जानने का अवसर मिला, बल्कि देश की विविधता में एकता का वास्तविक अनुभव भी हुआ।





















