हमीरपुर (सुजानपुर): बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कढ़ियार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उपस्थित जनसमूह से उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर पूर्व विधायक राजिंदर राणा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं और विशेषकर कांग्रेस ने बाबा साहब का हमेशा अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी भी अंबेडकर जी को उचित सम्मान नहीं दिया, बल्कि उनके खिलाफ चुनाव में प्रत्याशी खड़ा कर उन्हें हराने का काम किया। ठाकुर ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बाबा साहब के सपनों को हकीकत में बदल रही है और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए सांसद ने कहा कि यह दल महिलाओं के अधिकारों को लेकर कभी गंभीर नहीं रहा, वरना उन्होंने अपने शासनकाल के दौरान इसे लागू क्यों नहीं किया। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां की जनता ममता बनर्जी की तुष्टिकरण की नीति और भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान करने का मन बना चुकी है। हिमाचल प्रदेश की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई और सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के हाथ प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने से क्यों कांप रहे हैं।

















