शिमला, 14 अप्रैल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को अपनाकर सामाजिक एकता और देश की अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही बाबा साहब को उनके जन्मदिन पर सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विनय कुमार ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान में बिना किसी भेदभाव के सभी को समान अधिकार प्रदान किए और उनका सपना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति को भी वही अधिकार मिले जो सबसे आगे खड़े व्यक्ति को प्राप्त हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के विचारों से प्रेरणा लेकर संविधान की रक्षा के लिए आगे आएं और समाज में समानता तथा न्याय की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि देश और समाज में बाबा साहब के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि बाबा साहब ने कठिन संघर्ष के बल पर अपनी पहचान बनाई और पिछड़े, दलित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए उनके कार्यों ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि संविधान के माध्यम से उन्होंने सभी के अधिकारों की रक्षा करते हुए देश को एक सूत्र में पिरोया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संघर्ष और परिश्रम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री गंगूराम मुसाफिर, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, प्रदेश महासचिव यशपाल तनाईक, उप महापौर उमा कौशल, शिमला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, विनीत गौतम सहित नगर निगम के पार्षदगण और पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के छाया चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

















