शिमला।
भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने शनिवार को अपने-अपने पोलिंग बूथ में जाकर मतदान किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विजयपुर बिलासपुर में परिवार के साथ मतदान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने परिवार के साथ नाहन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बूथ संख्या 44 मुरगाह सिराज में मतदान किया।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सांसद प्रत्याशी हमीरपुर ने बूथ संख्या 7 समीरपुर, मंडी से कंगना रनौत ने बूथ संख्या 78 भांबला, शिमला से सुरेश कश्यप ने गागल शिरको और कांगड़ा से डॉ राजीव भारद्वाज ने बूथ संख्या 82 जसूर में परिवार के साथ मतदान किया। इस अवसर पर जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि यह दिन प्रजातंत्र का उत्सव है। मुझे अपने बूथ पर सबसे प्रथम वोट डालने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। इस अवसर पर गांववासियों, दोस्तों से मुलाकात भी हुई। हम सभी को इस पर्व में भाग लेना है और प्रजातंत्र को मजबूत बनाना हैं। नड्डा से कहा कि हमें यह मतदान सशक्त, समर्थ, कुशल, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए करना है और देश को मजबूत बनाने का चुनाव है।
उधर, कांगड़ा चंबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद किशन कपूर ने परिवार सहित खनियारा स्थित पोलिंग बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 10 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और देश के लोग तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो कार्य लोगों ने सोचे भी नहीं थे, भाजपा सरकार में वह कार्य हुए हैं और लोग निश्चित तौर से इन कार्यों को देखते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे। कृष्णा कपूर ने कहा कि भाजपा ने 2019 में कांगड़ा चंबा लोकसभा क्षेत्र में बड़ी जीत दर्ज की थी और इस बार भी यहां से भाजपा की प्रचंड जीत होगी। सांसद किशन कपूर ने लोगों से आग्रह किया कि वह बढ़ चढ़कर लोकतंत्र के महापर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग करें।