धर्मशाला: राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के सभागार में एमबीए, एमसीए विभाग और आईक्यूएसी (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘विरासत-2026’ अंतर-विश्वविद्यालय सांस्कृतिक उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। इस आयोजन में विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर भारतीय संस्कृति की छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में साई यूनिवर्सिटी के प्रो. वेद प्रकाश पाटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच न केवल प्रतिभा निखारते हैं, बल्कि हमारी समृद्ध परंपराओं को भी सशक्त करते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि ‘विरासत’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित कर उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। वहीं, IQAC के डॉ. विक्रम श्रीवत्स ने शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति की महत्ता पर बल दिया।


















