जिला मुख्यालय धर्मशाला के पास शाहपुर के करेरी लेक ट्रैक पर सोमवार को लौटते समय एक बड़ा हादसा हो गया। रविवार को 17 मई को चार-पांच पर्यटकों का एक दल गाइड के साथ करेरी लेक घूमने गया था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक यह ग्रुप करेरी लेक में ही रुका रहा।
इसके बाद जब दल वापस लौट रहा था और हाफ प्वाइंट करेरी के पास पहुंचा, तो एक नाले को पार करते समय एक युवक का पैर अचानक फिसल गया। पैर फिसलने से युवक सीधे नाले में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
कैंप संचालक विजय कुमार ने इस हादसे की सूचना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों और गाइडों ने मिलकर युवक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



















