राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 29 अप्रैल को सिस्सू और अटल टनल रोहतांग के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए मनाली प्रशासन ने यातायात के कड़े इंतजाम किए हैं। इस विशेष सुरक्षा योजना के तहत कल सुबह 6:00 बजे से पालचान में नाकाबंदी कर दी जाएगी और सभी पर्यटक वाहनों को यहाँ से गुलाबा की ओर मोड़ दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पालचान से आगे अटल टनल की दिशा में किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
अकस्मात खराब मौसम या अन्य तकनीकी कारणों से यदि राष्ट्रपति का कार्यक्रम सासे हेलीपैड की ओर बदलता है, तो सुरक्षा के मद्देनजर वशिष्ठ चौक पर भी ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया जाएगा। उपमंडलाधिकारी मनाली ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से इस महत्वपूर्ण वीवीआईपी दौरे के दौरान शांति बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए।

















