शिमला।
प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिला की 6303 मीटर ऊंची चोटी चौ-चौ-कांग नील्डा फतेह करने वाले पर्वतारोहियों ने आज राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। पर्वतारोहियों के इस दल में जिला शिमला के राहुल, निकिता ठाकुर और इशानी तथा जिला मंडी के शुभम बिष्ट मौजूद रहे।
युवा पर्वतारोहियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि पर्वतारोहण के यह साहसिक प्रयास सराहनीय हैं और यह अन्य लोगों को भी पर्यटन गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कई चोटियां पर्यटन की दृष्टि से अनछुई हैं। दुनियाभर के पर्वतारोही पर्वतारोहण के लिए नेपाल और अन्य देशों की ओर रुख करते हैं। हिमाचल की खूबसूरत चोटियों को पर्वतारोहण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल एक प्रसिद्ध पर्यटन गंतव्य है। पर्वतारोहण जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा प्रदान कर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा प्रदान करने के साथ-साथ इस क्षेत्र में सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी अत्यन्त आवश्यक है। इन गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। इस अवसर पर युवा पर्वतारोहियों ने राज्यपाल के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा भी उपस्थित थे।