सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश की 28 लाख महिलाओं के साथ कांग्रेस ने चुनावी वादों के नाम पर धोखा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मनाली विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा को जुमला बताते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने बिना किसी शर्त के हर महिला को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही यह वादा हवा हो गया। डेजी ठाकुर ने कहा कि आज केवल लगभग 80 हजार महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा की जा रही है, जबकि प्रदेश में महिलाओं की संख्या 28 लाख से अधिक है, जो स्पष्ट भेदभाव और धोखाधड़ी है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/aghani-gram-panchayat-takes-pledge-to-become-chitta-free-committee-meeting/
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं को यह रकम अभी तक नहीं मिली है और महिलाएं आज भी अपने मुख्यमंत्री से हिसाब मांग रही हैं। डेजी ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार योजना पर शर्तें लगाकर चुनावी वादे को पूरा करने से बच रही है, जबकि चुनाव के समय किसी भी प्रकार की पात्रता शर्त का उल्लेख नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर सही गणना की जाए तो सरकार पर महिलाओं के प्रति 1500 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी बन चुकी है, जिसे कांग्रेस जानबूझकर अनदेखा कर रही है।
डेजी ठाकुर ने मनरेगा को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर भी पलटवार किया और कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा ने योजनाओं को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ मजबूत किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के साथ इस अन्याय को सहन नहीं करेगा और आगामी समय में लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस को इसका जवाब देगा। डेजी ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की महिलाएं अब केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि अपने अधिकारों से संतुष्ट होंगी और कांग्रेस के झूठे वादों को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।





















