धर्मशाला।
कांग्रेस चुनाव प्रचार के लिए कांगड़ा और चंबा आई कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के भाषण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि जब प्रियंका गांधी को हिमाचल की जरूरत थी तब वे यहां नहीं आई। प्रदेश में आपदा का दौर चला, प्रियंका गांधी का घर हिमाचल में है, लेकिन कांगड़ा व चंबा में उन्हें अपने घोषणा पत्र पर जबाव देना चाहिए था। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश में सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक में एक लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, वे क्यों नहीं दी। संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अभी अपने पूराने वायद पूरे किए नहीं और प्रियंका गांधी नए वायदों को लेकर आ गई। जनता से जो पिछली चूक हुई है उसे सुधारेगी और कांग्रेस व सुक्खू सरकार को करारा जबाव देगी।
संजय शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस ने कहा था कि महिलाओं को 1500 देना था, वे कहां गया। उन्होंने कहा आज प्रदेश की महिलाएं व बेरोजगार युवा अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। प्रदेश का किसान जिनसे कांग्रेस ने 100 व 90 रुपए लीटर दूध लेने की बात कही थी, उस दूध का पैसा कहां गया। दो रुपय किलो गोबर खरीदने की बात कहां गई। 300 यूनिट मुफ्त बिजली अभी तक क्यों नहीं दी गई। इन सभी बातों का जबाव प्रदेश की जनता को देना चाहिए था।
संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 55 सालों में इसलिए अमीर नहीं बन सकी, क्योंकि कांग्रेस ने अपने नेताओं को अमीर बनाया। विदेशों के बैंकों में सबसे ज्यादा पैसा कांग्रेस नेताओं का है, इस बात को देश की जनता जानती है। फूड फाॅर आयल यह योजना लेकर कौन आया था। इसमें कांग्रेस पार्टी के कौन से नेता शामिल थे, इस पर प्रियंका बात करती।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश व राजस्थान में जो पिछले चुनाव हुए थे तब कितने किसानों के कर्जे माफ किए। कांग्रेस कहती है हमने ओपीए बहाल कर दिया, आज बिजली बोर्ड, कारपोरेशन व निगमों बोर्ड के कर्मचारी पूछ रहे हैं हमारी पेंशन कहां है। पुरानी पेंशन कहां है। कांग्रेस ने प्रदेश के कर्मचारी के साथ भी दगा व धोखा किया है। ऐसा कोई वर्ग नहीं है जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रियंका को बताना चाहिए वे कांग्रेस के 43 बहुमतों से 34 पर कैसे आ गए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने विकास किया होता तो वे सत्ता के लिए इस प्रकार से न छटपटाती।