धर्मशाला।
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को जिला कांगड़ा में शाहपुर के चंबी मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मोदी सरकार पर फिर जुबानी हमला किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस चुनाव में हिमाचल में देश की दो सबसे बड़ी पार्टियों कांग्रेस-भाजपा में टक्कर है। हाल ही में हुई दो घटनाओं से इन दोनों पार्टियों की सच्चाई जनता के सामने आई है। उन्होंने कहा कि आपदा में कांग्रेस का एक-एक नेता, एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच रहे। पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर जनता की मदद में लगी रही। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हिमाचल का अपना दूसरा घर कहते हैं, लेकिन आपदा में एक बार भी यहां नहीं आए। हिमाचल भाजपा के बड़े नेताओं ने भी सुध नहीं ली।
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने अपने धनबल से जनता की चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया। विधायकों को 100-100 करोड़ का लालच दिया। देश के प्रधानमंत्री पर लोकतंत्र को बनाए रखने, नाैतिकता को बनाने की जिम्मेदारी होती है, लेकिन वे यहां कांग्रेस के विधायकों को खरीदने का काम करवाते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भगवान के नाम से वोट मांगते हैं, लेकिन भगवान का काम कोई नहीं कर रहा। प्रियंका ने कहा कि सेब के दाम अडानी तय कर रहे हैं। अमेरिका के सेब पर टैक्स कम हो रहा और यहां सेब पर बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 सालों से धर्म का नाम लेकर भाजपा सरकार सिर्फ सत्ता में रहना चाहती है। सत्ता में रहने के लिए धनबल का खूब इस्तेमाल कर रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हर तरफ से जनता की मुसीबतों को बढ़ाया गया और माफिया फल-फूल रहा है। इन पर रोक सिर्फ कांग्रेस पार्टी रोक लगा सकती है।
प्रियंका के संबोधन से पहले कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की पहचान भारत की विविधता से है, अनेकता में एकता से है लेकिन भाजपा राज्यों के बीच में लकीरें खींच रही है। भाजपा का इरादा संविधान बदलने का है, इसे बचाने के लिए आगे आना होगा। भाजपा ने लोगों को बार-बार ठगा। आनंद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग शहीदों व राष्ट्र निर्माताओं का अपमान करते हैं, इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करता। हिमाचल पंडित जवाहरलाल नेहरू की वजह से अस्तित्व में आया, स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने पूर्ण राज्यत्व का दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस अग्निवीर योजना को खारिज करेगी और पुरानी भर्ती प्रक्रिया बहाल करेंगे।