सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में 25 जनवरी 2026 को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि समारोह में राज्यपाल हिमाचल प्रदेश शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर निर्वाचन विभाग द्वारा तैयार की गई कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नव पंजीकृत युवा मतदाताओं को पहचान पत्र प्रदान किए जाएंगे, वहीं वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग एवं ट्रांसजेंडर मतदाताओं को सम्मानित कर समावेशी लोकतंत्र का संदेश दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/bjp-targets-aap-government-over-law-order-drugs-at-maghi-mela-in-muktsar/
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला निर्वाचन अधिकारियों, इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों, इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब नोडल अधिकारियों तथा राज्य आइकन को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। समारोह को आकर्षक बनाने के लिए हिमाचली लोकनृत्य नाटी, मतदाता जागरूकता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, एनजेडसीसी पटियाला की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा चुनावी प्रक्रिया पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य प्रत्येक योग्य नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए, जबकि उपायुक्त ने आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।





















