सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्यभर में कूरियर सेवाओं के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए एक विशेष और व्यापक जांच अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ अभियान को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 433 कूरियर केंद्रों की ऑडिट और निरीक्षण किया गया। पुलिस ने पार्सल बुकिंग, भंडारण, परिवहन और अंतिम डिलीवरी तक की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा, कूरियर केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों, कर्मचारियों की पहचान और रिकॉर्ड के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट और अन्य संबंधित कानूनों के बारे में जागरूक किया गया। जहां भी प्रक्रियागत कमियां पाई गईं, वहां कूरियर सेवा प्रदाताओं को सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस का मानना है कि इस तरह की जांच से राज्य में नशा तस्करी की घटनाओं में कमी आएगी और कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी। हिमाचल पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं, से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री की इस मुहिम का समर्थन करें और किसी भी संदिग्ध नशीले पदार्थ या गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर कॉल करके या नजदीकी पुलिस थाना से साझा करें। जानकारी देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





















