सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य सुरक्षा और विनियमन विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही स्टेट न्यूट्रिशन पॉलिसी तैयार करेगी। इस पॉलिसी का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और माताओं सहित संवेदनशील वर्गों को संतुलित और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कंडाघाट स्थित कम्पोजिट टेस्टिंग लैब को विश्वस्तरीय तकनीक से सुसज्जित करने का ऐलान किया, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जांच की दक्षता सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक चरण में बद्दी, मंडी, कांगड़ा और शिमला में क्षेत्रीय प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, जबकि दूसरे चरण में प्रदेश के सभी जिलों में लैब खोली जाएगी। उन्होंने विभाग को खाद्यान्न की समय-समय पर जांच करने, पोषक तत्वों की प्रोफाइलिंग करने और मोबाइल वैन के माध्यम से प्रशिक्षण तथा जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/thakur-strikes-punjab-needs-5-front-war-against-chaos-drugsmpan/
इसके अलावा उन्होंने विभाग की प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण और स्टेट पोर्टल के निर्माण पर भी जोर दिया। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पोषक तत्वों की कमी और कीटनाशकों के इस्तेमाल से स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है, जिसे दूर करने के लिए सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है और किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य शिक्षा और अस्पतालों में विश्वस्तरीय मानक अपनाने, आईसीयू स्थापित करने और डॉक्टर-पेशेंट अनुपात सुधारने पर भी बल दिया। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय प्रमुख मौजूद रहे।





















