खाद्य आपूर्ति विभाग ने फेस्टिवल सीजन में कांगड़ा जिला के लिए चीनी का एक्स्ट्रा कोटा जारी कर दिया है। खाद्य आपूर्ति विभाग राशनकार्ड पर दर्ज हर मेंबर को 100 ग्राम चीनी का अतिरिक्त कोटा देने जा रहा है। यानी एक राशनकार्ड में पांच मेंबर हैं, तो पूरे परिवार को आधा किलो चीनी एक्स्ट्रा मिलेगी। विभाग ने पूरे जिला के लिए 1781 क्विंटल अतिरिक्त चीनी का कोटा जारी किया है। होलसेल गोदामों से डिपुओं में सप्लाई के बाद यह कोटा लोगों में बांटा जाएगा। जिला भर में 17,81,000 राशनकार्ड पोपुलेशन है। इससे लाखों लोगों को फायदा होगा। इस महीने दिवाली, भैयादूज व धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं।
डीएफसी पुरुषोत्तम सिंह ने खबर की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार चीनी की खेप होलसेल सेंटरों में पहुंच चुकी है। सेंटर वाइज बात करें, तो पपरोला को 102 क्विंटल चीनी मिली है। इसी तरह पंचरुखी को 90, सिद्धपुर सरकारी को 92, नगरोटा बगवां को 121, खनियारा को 102, चैतड़ू को 104, पुहाड़ा को 113 क्विंटल एक्स्ट्रा चीनी मिली है।दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल को एक्स्ट्रा चीनी के रूप में 55 किलो कोटा मिला है। इसके अलावा धीरा को 51, थुरल को 49, लंबागांव को 61, रानीताल को 68, नगरोटा सूरियां को 67, खुंडियां को 45, देहरा को 103, ढलियारा को 84, जौड़बड़ को 56, नूरपुर को 143, भडवार को 57,कंदरोन को 126, रैहन को 142, बरोट को चार क्विंटल चीनी का अतिरिक्त कोटा दिया गया है।
डीएफसी पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि जिला के सभी उपभोक्ताओं से आग्रह है कि वे अपने नजदीकी राशन डिपो में जाकर चीनी का अतिरिक्त कोटा ले लें। कहीं दिक्कत है, तो विभाग से संपर्क करें।