सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था और सामाजिक हालात पर गंभीर चिंता जताई। एससी मोर्चा पंजाब भाजपा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी द्वारा परिकल्पित “बेगम पुरा” एक ऐसा समाज था, जहां भय, भेदभाव और अन्याय का कोई स्थान नहीं था, लेकिन आज का पंजाब इस आदर्श से काफी दूर दिखाई देता है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब भय और असुरक्षा के माहौल से गुजर रहा है। प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं, नशे की समस्या और गैंगस्टरवाद ने आम नागरिक की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग फिरौती के डर में जी रहा है और माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ऐसे हालात में गुरु रविदास जी की वाणी आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम करती है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/ayushman-bharat-strengthens-access-to-complex-medical-care-at-pgimer-direct
उन्होंने गुरु रविदास जी के समानता और न्याय के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक कानून सभी के लिए समान रूप से लागू नहीं होगा, तब तक सामाजिक संतुलन संभव नहीं है। शर्मा ने कहा कि यदि एक आम नागरिक रात के समय बिना भय के अपने घर से बाहर नहीं निकल सकता, तो यह स्पष्ट संकेत है कि राज्य अभी भी “बेगम पुरा” के सपने से दूर है। उन्होंने सभी से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को आत्मसात कर एक भयमुक्त, समान और सुरक्षित समाज के निर्माण की अपील की। कार्यक्रम में एससी मोर्चा पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एस.आर. लद्धर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





















