सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 का आयोजन इस वर्ष 17 से 23 मार्च तक बिलासपुर में किया जाएगा। मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में मेले की पहली प्रारंभिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मेले के आयोजन को भव्य, आकर्षक और जनोपयोगी बनाने के लिए समितियों के गठन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, पशु मेले और प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि नलवाड़ी मेला जिला का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित मेला है, इसलिए इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मेले को और अधिक रोचक बनाने के लिए ठोस और नवाचारपूर्ण सुझाव लेकर आगामी बैठक में उपस्थित हों।
यह भी पढ़ेंhttps://sidhivinayaktimes.com/dharamshala-traders-thank-sudhir-sharma-for-stopping-trade-fa/
बैठक में स्मारिका के प्रकाशन, वरिष्ठ नागरिक दौड़, बेबी शो, डॉग शो, मेंहदी और रंगोली प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।उपायुक्त ने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष मेले के लिए एक विशेष लोगो तैयार किया जाएगा और इसके निर्माण के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे मेले को सफल और यादगार बनाने के लिए अपने रचनात्मक सुझाव प्रशासन को प्रस्तुत करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त उपायुक्त, सहायक आयुक्त और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





















