ऊना : हॉकी इंडिया की तरफ से 13 मार्च से 23 मार्च तक महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित की जा रही राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश द्वारा भी अपनी टीम का चयन करने की प्रक्रिया रविवार को शुरू की गई। ऊना जिला मुख्यालय के इंदिरा गांधी खेल परिसर के एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान पर प्रदेश भर की करीब 51 हॉकी खिलाड़ियों ने टीम में जगह पाने को जमकर पसीना बहाया। इस दौरान हॉकी खिलाड़ियों की फिटनेस को जांचने के लिए यो-यो टेस्ट भी लिया गया। इस मौके पर हिमाचल हॉकी के महासचिव रमेश पठानिया और मुख्य चयनकर्ता अजीत सिंह सहित हॉकी के कोच आशीष सेन भी मौजूद रहे।
अखिल भारतीय हॉकी फेडरेशन द्वारा महाराष्ट्र के पुणे में 13 मार्च से 23 मार्च तक अखिल भारतीय सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिए रविवार को इंदिरा गांधी खेल परिसर में प्रदेश की हॉकी सीनियर वूमेन टीम के चयन को लेकर प्रक्रिया शुरू की गई। इस मौके पर हॉकी हिमाचल के महासचिव रमेश पठानिया ने विशेष रूप से मौजूदगी दर्ज करवाई। टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत सिंह ने कहा कि 13 से 23 मार्च तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की चुनौती पेश करने के लिए सशक्त टीम का चयन किया जाएगा। जिसके लिए करीब 51 हॉकी खिलाड़ियों के प्रतिभा को परखा गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए इन सभी खिलाड़ियों ने फिटनेस की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले यो यो टेस्ट में भी सहभागिता की है। उन्होंने कहा कि संभावितों का चयन करके जल्द ही एक कैंप का आयोजन किया जाएगा और कैंप के समापन पर अंतिम टीम का गठन कर महाराष्ट्र के पुणे में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना किया जाएगा।
उधर हॉकी हिमाचल के महासचिव रमेश पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हॉकी की खेल प्रतिभाएं शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और उन्ही का दोहन करते हुए हिमाचल प्रदेश की सशक्त टीमों का भी चयन किया जाता है उन्होंने कहा कि इस टीम के संभावितों को लेकर आने वाले दिनों में इसी मैदान पर या फिर चंडीगढ़ में कैंप का आयोजन किया जाएगा। चंडीगढ़ में कैंप आयोजित करने के सवाल का जवाब देते हुए पठानिया ने कहा कि बाहरी राज्यों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें मुकाबले के लिए भी खुद को तैयारी करने में वक्त मिलता है। जिसके चलते उनकी प्रतिभा में और भी निखार आता है।