सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के सफल कार्यान्वयन के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (एचपीएससीबीएल) को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई दी है। एचपीएससीबीएल ने ‘को-ऑपरेटिव बैंक-मध्यम राज्य’ श्रेणी में खरीफ-2024 एवं रबी-2024-25 के दौरान पीएमएफबीवाई के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने बैंक को प्रशंसा प्रमाण पत्र जारी किया है, जिसमें योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए बैंक के प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की गई है।
मुख्यमंत्री को आज मुख्यमंत्री आवास में बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह श्याम और प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने यह प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक किसानों और बागवानों के कल्याण हेतु विभिन्न योजनाओं को जमीन स्तर पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बैंक द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं की प्रशंसा की और कहा कि इन पहलों के सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने बैंक के समर्पित प्रयासों को किसान हितैषी एवं प्रभावी बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य की कृषि एवं सहकारी व्यवस्था के लिए गर्व की बात है। इस कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण तथा कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और भविष्य में भी किसानों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।





















