धर्मशाला।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के मीडिया समन्वयक संजीव गांधी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने सत्ता में आने से पहले बेरोजगारों को जो नौकरी देने का वायदा किया था, उससे युवाओं में भाजपा के प्रति भारी विरोध है। भाजपा ने कहा था सत्ता में आते ही दो करोड़ युवाओं को रोजगार हर साल दिए जाएंगे, लेकिन 100 बेरोजगारों को भी मोदी सरकार रोजगार नहीं दे पाई। अपने किसी भी वायदे को मोदी सरकार पूरा नहीं कर पाई। इस बात को अब देश का नौजवान भलीभांति समझ चुका है।
गांधी ने कहा कि जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी तो केवल सरकार पर 64 लाख करोड़ का कर्ज था। मौजूदा समय में 170 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज केंद्र की मोदी सरकार ले चुकी है। यह पैसा कहां खर्च किया जा रहा है। इसको लेकर आम जनता को कोई भी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले लोगों से वायदा किया था कि हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपए आएंगे, लेकिन पिछले 10 सालों में यह पैसा किसी भी व्यक्ति के खाते में जमा नहीं हुआ। लोकसभा चुनावों में भाजपा नेता फिर से हवाई वायदे कर जनता को ठगने का काम कर रहे हैं। देश में महंगाई बढ़ी है, तेलों की कीमतें आसमान छू रही हैं, बेरोजगार हताश हैं, किसान सड़कों पर हैं, देश की आर्थिक स्थिति डगमगा चुकी है। ऐसे कई मुददे हैं जिन पर भाजपा नेता जवाबदेही देने से भाग रहे हैं।