सोलन।
भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र की बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाहन रैली को लेकर रहा, जिसमें शिमला संसदीय क्षेत्र से 50 हजार से अधिक लोग भाग लेंगे। इसके उपरांत मंडल अनुसार वृत भी लिया गया। बैठक में बिंदल ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला कहा। उन्होंने राहुल के अमेठी की सीट छोड़कर रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, वह रायबरेली से भी हारने वाले हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पिछले एक महीने के प्रचार में कांग्रेस सरकार की डेढ़ साल की एक भी उपलब्धि नहीं गिना पाए। उन्होंने इस बात को स्वीकार कर लिया है कि कांग्रेस की सरकार महा निकम्मी सरकार निकली है, क्योंकि उन्होंने डेढ़ साल भाजपा को गाली देते हुए बिता दिया। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि डेढ़ महीने के चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि उन्होंने 2022 के चुनाव में 97 प्रतिशत हिन्दुओं को हराने का दावा किया था तो 2024 में यह दावा क्यों नहीं कर रहे हैं।
डाॅ बिन्दल ने कहा कि अभी तक मुख्यमंत्री और सरकार ने यह स्पष्ट नहीं किया कि श्रीराम का विरोधी, श्रीराम जन्म स्थान पर राम मंदिर का विरोधी जिसने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकार दिया, ऐसे अधिवक्ता मनु सिंघवी को राज्य सभा का उम्मीदवार क्यों बनाया? डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस के एक पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णनम ने यह रहस्योद्घाटन किया कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी तो दोबारा से भगवान श्रीराम को टैंट में रख दिया जाएगा अर्थात विशेष कानून लाकर श्रीराम जन्म स्थान पर निर्मित भव्य राम मंदिर को ध्वस्त किया जाएगा। ऐसी सनातन विरोधी, राम विरोधी, विकास विरोधी, तुष्टीकरण की राजनीति पर चलने वाली, जाति, धर्म, सम्प्रदाय पर देश और प्रदेश को बांटने वाली कांग्रेस पार्टी हिमाचल की जनता से वोट मांगने की हकदार नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमेठी-रायबरेली सीट को अपने परिवार की बताते हैं। बिंदल ने सवाल उठाया, किसने विल (वसीयत) करके सीट दी? उन्होंने कहा कि जनता अपना नेता तय करती है।
बिंदल ने कांग्रेस के शासनकाल में 55 वर्षों में देश की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। बिंदल ने कहा, पूछना चाहता हूं कि कोरोना काल और आपदा में राहुल बाबा, उनकी मां और बहन हिमाचल आई थीं क्या। चार जून को चुनाव परिणाम आने के बाद छह जून को राहुल बाबा छुट्टी पर विदेश चले जाएंगे। कांग्रेस ने 70 वर्ष तक राम मंदिर निर्माण लटकाए रखा और राम मंदिर का निर्माण पीएम मोदी की सुदृढ़ इच्छा शक्ति की वजह से बना। महिला सशक्तीकरण को लेकर उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नरेन्द्र मोदी ने दिया है। बैठक में संसदीय क्षेत्र प्रभारी पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, राजीव सहजल, प्रदेश महामंत्री डॉ सिकंदर कुमार, सुरेश भारद्वाज और प्रदेश पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।