मंडी : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की एकतरफा और भव्य जीत पर खुशी जताते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने झूठी गारंटी देने वाली कांग्रेस और झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को पूरी तरह से नकार दिया है। यह परिणाम बताते हैं कि मुख्यमंत्री द्वारा असंवैधानिक तरीके से काम करते हुए संविधान की धज्जियां उड़ाने वाले हथकंडे काम नहीं आए। यह परिणाम बताते हैं कि कांग्रेस और मुख्यमंत्री का कोई प्रलोभन अब काम आने वाला नहीं है। उन्होंने साम दाम दण्ड भेद की पूरी कुटिल नीति अपनाई लेकिन उनकी एक भी नहीं चली। यह परिणाम आने वाले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ कर देने का स्पष्ट संकेत भी है। साथ ही प्रदेश के लोगों ने साफ़ कर दिया कि उन्हें सिर्फ़ “मोदी की गारंटी” पर ही भरोसा है। मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित एक विशाल विजय रैली को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर से भाजपा के पक्ष में एकतरफा जनादेश देकर उन लोगों को करारा जवाब दिया है, जिन्हें हिमाचल के कांग्रेस मुक्त करने की बाते बुरी लग रही थी। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ताधारी दल लगातार झूठे दावे करता आ रहा था क्योंकि इससे पहले के चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं हुए थे, लेकिन इस बार पार्टी चुनाव चिन्ह पर हुए चुनावों ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। नगर निगमों के ये नतीजे इस बात का साफ़ प्रमाण हैं कि जनता कांग्रेस की दो साल की जनविरोधी नीतियों और झूठे वादों से पूरी तरह तंग आ चुकी है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनावों को प्रभावित करने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन मंडी, धर्मशाला और सोलन की प्रबुद्ध जनता ने उनके तानाशाही रवैये को सिरे से खारिज कर दिया। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश में भाजपा के पिछले कार्यकाल के विकास कार्यों पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है। जयराम ठाकुर ने सेरी मंच से भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं और देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत से ही यह ऐतिहासिक जीत संभव हो सकी है और यह शानदार जीत आने वाले समय में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने की मजबूत नींव रखेगी।















