धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा की मौजूदगी में जिला परिषद वार्ड झिकली इच्छी से सतीश चौधरी और सौकणी दा कोट से सीमा कुमारी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन से पहले कचहरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में जीत के लिए आशीर्वाद लिया गया। इस अवसर पर सुधीर शर्मा ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि नगर निगम में भाजपा की सरकार बनने पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम किया जाएगा। उन्होंने पूर्व नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस बार टिकटों का वितरण पिछले चुनावों के आकलन के आधार पर किया गया है, जिसमें नए चेहरों को प्राथमिकता दी गई है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि भाजपा जाति या क्षेत्र के आधार पर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के दम पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि धर्मशाला नगर निगम में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। हालांकि पंचायती राज चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं हो रहे हैं, लेकिन भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को पूरा समर्थन प्राप्त है और कई आजाद प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लेकर भाजपा को अपना समर्थन दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों में बाधा डालने और गारंटियां पूरी न करने के अपने आरोपों को दोहराया।


















