सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल को संगठन के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय बताते हुए उनकी मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से निकलकर विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व करना प्रदेश के लिए गर्व की बात है और नड्डा जी ने इस दायित्व को पूरी निष्ठा, दूरदर्शिता और सांगठनिक दक्षता के साथ निभाया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/elfare-initiative-namgya-tourist-facility-centre-inaugurated/
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नड्डा जी के मार्गदर्शन में भाजपा ने संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाया। उन्होंने कहा कि नड्डा जी के नेतृत्व में पार्टी ने कठिन राजनीतिक परिस्थितियों का मजबूती से सामना किया और निरंतर चुनावी सफलताएँ हासिल कीं। जयराम ठाकुर ने देवभूमि हिमाचल को केंद्र सरकार से मिली विकास योजनाओं में नड्डा जी की अहम भूमिका को भी रेखांकित किया तथा नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी।





















