सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला: ऊना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद से ही मंत्रियों के बीच आपसी खींचतान और प्रशासनिक स्तर पर असंतुलन साफ दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों, अधिकारियों और मंत्रियों के बीच तालमेल का अभाव प्रदेश के विकास कार्यों को प्रभावित कर रहा है, जो हिमाचल के हित में नहीं है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य में लगातार आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार राहत और बचाव कार्यों में पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उनका कहना था कि किसी भी सरकार की सफलता आपसी समन्वय और स्पष्ट निर्णय प्रक्रिया पर निर्भर करती है, लेकिन हिमाचल में इसके उलट स्थिति बनी हुई है, जहां मंत्री एक-दूसरे के बयानों को सार्वजनिक रूप से चुनौती दे रहे हैं और इससे प्रशासन में भ्रम और अस्थिरता पैदा हो रही है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/politicising-sir-is-unfair-its-a-crucial-step-for-national-interest/
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार के भीतर बढ़ता तनाव न केवल विकास कार्यों को बाधित कर रहा है, बल्कि प्रदेश को आर्थिक संकट की ओर भी धकेल सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मंत्रियों और अधिकारियों के बीच इस तरह की खींचतान के लिए जिम्मेदार कौन है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि कोई अधिकारी प्रदेश हित में काम नहीं कर रहा है, तो उसके खिलाफ निष्पक्ष और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए, न कि क्षेत्र या बाहरी होने के आधार पर भेदभाव। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की अंदरूनी कलह से प्रदेश की जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है।





















