धर्मशाला।
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा है कि धर्मशाला में उनकी लड़ाई कांग्रेस के प्रत्याशी से नहीं, बल्कि सीधे तौर पर मुख्यमंत्री से है, क्योंकि यह चुनाव मुख्यमंत्री बदलने के लिए है।
धर्मशाला में आज चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला की जनता का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुक्खू के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें मुख्यमंत्री ने सुधीर शर्मा को भू-माफिया करार दिया था। सुधीर शर्मा ने कहा कि आज से पहले कभी किसी मुख्यमंत्री के साथ ऐसा नहीं हुआ। इसलिए मुख्यमंत्री बौखलाहट में इस तरह के काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को बातें करने से पहले अपनी उन कमियों को भी कम से कम छिपा देना चाहिए था, जो उन्होंने नामांकन के दौरान छोड़ रखी हैं।
सुधीर शर्मा ने कहा कि पिछली बार नामांकन में जो कमियां रही, वह भी तथ्य के साथ जनता के सामने आएंगी। उनके पास मुख्यमंत्री के खिलाफ तथ्य भी हैं। किसके भाई के पास कितनी जमीन है और किसके परिवार की सदस्य के पास कितनी जमीन है, सब कुछ तथ्य के साथ सामने आएगा। उन्होंने कहा कि जब यह चिट्ठे निकलेंगे तो पूरे तथ्यों के साथ जनता के सामने आएंगे। सुधीर शर्मा ने कहा कि वह चुनाव में ऐसा छक्का लगाएंगे जो सीधा स्टेडियम के बाहर जाएगा।
सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री खुलासा करने के लिए ऐसी तारीख देते हैं, जैसे उन्हें किसी कोर्ट के लिए पेशी में जाना हो। सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धर्मशाला तहसील में एसडीएम को फोन कर रजिस्ट्री के सारे रिकॉर्ड निकालने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री तो ऐसी बात कर रहे हैं, जैसे धर्मशाला में हर जमीन का लेनदेन सुधीर शर्मा ही करवा रहा हो। मुख्यमंत्री आम लोगों को भी तंग करने का काम कर रहे हैं। आम लोगों के भी सरकार की ओर से कागज निकलवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बौखलाहट में हैं, बावजूद इसके उनकी मुख्यमंत्री के साथ पूर्ण संवेदनाएं हैं।