हिमाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में वार-पलटवार का सिलसिला लगातार जारी है।हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर 15 महीने में केवल भाजपा को गालियां देने के आरोप लगाए हैं और कहा है कि 15 महीने में कांग्रेस सरकार में विकास पूरी तरह से ठप्प रहा है। अगर विकास कार्य हुए हैं तो सीएम सुक्खू भाजपा को गालियां देने के बजाय अपनी उपलब्धियां जनता को बताते।
राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार अल्पमत में है। बीते 15 महीने में हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था भी चरमरा चुकी है चोरी , डकैती, हत्याओं और बलात्कार के मामलों में इजाफा हुआ है और मुख्यमंत्री का इसको लेकर एक बयान नहीं आया है। इसके अलावा प्रदेश में बीते 15 महीने में एक भी नया संस्थान नहीं खुला है और न ही 15 महीने के कार्यकाल में किसी बेरोजगार को एक नौकरी तक दी गई है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सुबह से शाम तक सिर्फ भारतीय जनता पार्टी को ही गाली देने का काम करते हैं। वह बार-बार कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हिमाचल का खजाना खाली कर दिया। ऐसे में जनता यह सवाल करती है कि अगर भाजपा ने खजाना खाली कर दिया था, तो भाजपा के वक्त में विकास कैसे होता था। कांग्रेस सरकार विधानसभा में जो श्वेत पत्र लेकर आई, उसमें भी स्पष्ट हुआ की 70 हजार करोड़ रुपए में से 55 हजार करोड़ रुपए तो कांग्रेस की सरकारों नहीं कर्ज लिया।