चंबा जिले में तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर तरवाई पुल के पास बोलेरो गाड़ी सड़क से लुढ़क कर बैरा नदी में जा गिरी। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। चार लोग घायल है जबकि एक लापता है। मौके पर पहुंची टीमें लापता की तलाश कर रही हैं। बोलेरो गाड़ी मंगली से तीसा की ओर रही थी कि अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया।
एसडीएम जोगिंद्र पटियाल ने बताया कि छह लोगों की मौत हुई है। एक की तलाश जारी है। तीन घायलों को मेडिकल कालेज चंबा रैफर किया गया है। एक सिविल अस्पताल तीसा में उपचाराधीन है। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के तरवाई पुल के पास हुई एक सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है, जहां एक वाहन सिउल नदी में गिर गया, जिसमें 9 पुलिस कर्मियों सहित 11 लोग सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन बैरागढ़ से तीसा की ओर जा रहा था। प्राप्त सूचना के अनुसार इस दुर्घटना में पांच पुलिस कर्मियों समेत छह लोगों की जान चली गयी और पांच अन्य घायल हो गये।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत प्रदान करने और घायल व्यक्यिों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है