सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कुल्लू जिला में सैनिक लीग कुल्लू एवं लाहुल स्पीति द्वारा पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वयोवृद्ध पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक आयुक्त जयबन्ती ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि कुल्लू जिले के सैनिकों ने थल सेना, नौसेना और वायु सेना में सेवाएं देकर देश की सुरक्षा को सशक्त बनाया है। जयबन्ती ठाकुर ने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे प्रशासन के साथ मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक गतिविधियों, खेलकूद और रक्तदान जैसे अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। सैनिक लीग के अध्यक्ष ब्रिगेडियर टी.एस. ठाकुर ने कहा कि जिस तरह पूर्व सैनिकों ने सेवा काल में देश की रक्षा की, उसी तरह सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज सेवा में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष मकर संक्रांति के कारण पूर्व सैनिकों की सहमति से यह कार्यक्रम 14 जनवरी के बजाय 12 जनवरी को आयोजित किया गया। समारोह में पूर्व सैनिक, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





















