सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। राज्य सरकार ने पर्यटन और हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से दिल्ली–शिमला तथा शिमला–धर्मशाला मार्गों पर नियमित हवाई सेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। इन उड़ानों को सप्ताह भर संचालित किया जाएगा और उनके निरंतर संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सरकार हर वर्ष 31 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पर्यटन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और बेहतर हवाई सेवाओं से यात्रा का समय घटने के साथ-साथ पर्यटकों, व्यापारियों और आम जनता के लिए आवागमन और भी सुगम होगा।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/aim-to-make-district-stray-cattleanimals-releas-month/
उन्होंने कहा कि शिमला और धर्मशाला के लिए विश्वसनीय हवाई संपर्क से प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी और मेडिकल इवैक्यूएशन, आपात स्थितियों तथा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान तत्काल प्रतिक्रिया में मदद मिलेगी। इसके अलावा, राज्य में मौजूदा तीन हवाई अड्डों के साथ कई हेलीपैड भी हैं और हर जिले के मुख्यालय तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। हाल ही में संजौली हेलीपोर्ट से चंडीगढ़ और रिकांगपियो के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की गई हैं, जबकि संजौली-रामपुर-रिकांगपियो और संजौली-मनाली रूट पर भी जल्द ही सेवाएं शुरू करने के लिए डीजीसीए से मानक संचालन प्रक्रिया की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।





















