शिमला।
हिमाचल कांग्रेस के बड़े चेहरे पार्टी को लीड दिलवाने में कामयाब नहीं हो पाए हैं। प्रदेश सरकार के तमाम मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों को लीड मिली है। इतना ही नहीं, कांग्रेस के स्टार प्रचारक जहां प्रचार जिन सीटों पर पहुंचे थे, वहां लीड भाजपा के खाते में गई है। हालांकि प्रियंका गांधी के रोड शो वाली विधानसभा उपचुनाव की सीटों पर कांग्रेस जरूर जीत दर्ज करने में कामयाब रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र नादौन में भी भाजपा को 2143 वोट की लीड मिली है। हालांकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री हरोली में कांग्रेस को 1535 मतों की लीड दिलवाने में कामयाब रहे हैं। इसके अलावा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर जुब्बल कोटखाई में 6477 और सीपीएस मोहनलाल ब्राक्टा रोहड़ू में 9045 मतों की लीड कांग्रेस को दिलवा पाए।
नादौन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के क्षेत्र में भाजपा को 2143 की लीड, विस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया के भटियात में भाजपा को 13166 की लीड, स्वास्थ्य मंत्री मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के सोलन में भाजपा को 5116 की लीड, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के शिलाई में भाजपा को 2317 की लीड, विक्रमादित्य सिंह के शिमला ग्रामीण में भाजपा को 6448 की लीड, मंत्री अनिरूद्ध सिंह के कुसुम्पटी में भाजपा को 5873 मतों की लीड, मंत्री यादविंद्र गोमा के जयसिंहपुर में 8833 भाजपा को लीड, मंत्री राजेश धर्माणी के घुमारवीं में 13573 की लीड, विस उपाध्यक्ष विनय कुमार के श्री रेणुकाजी में भाजपा को 4485 मतों की लीड मिली है।