बिलासपुर।
आज देश में संविधान और लोकतंत्र को खतरा है। देश की जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सत्ता में बैठी मोदी सरकार द्वारा लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। धर्म के आधार पर बांटने और संविधान को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह बात पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने शुक्रवार को बिलासपुर में आयोजित इंडिया गठबंधन बिलासपुर इकाई की प्रेसवार्ता में कही।
राम लाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में इंडिया गठबंधन एकजुटता के साथ कार्य करेगा। सत्ता में आने के लिए भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वायदे किए थे। मोदी की गारंटी कह कर लोगों को गुमराह किया गया। फिर वो 2 करोड़ नौकरियां देने की बात हो, या फिर 100 दिन में महंगाई खत्म करना और किसानों की समस्याओं का समाधान करना हो। जो वायदे लोगों से मोदी सरकार ने किए, उनमें से कोई पूरा नहीं किया गया। आज हालत यह हैं कि सत्ता पाने के लिए भाजपा किसी भी हद तक जाने को तैयार है।