सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। अर्की। विश्राम गृह अर्की में अटल जयंती शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित समारोह में भाजपा प्रदेश मीडिया सह–प्रभारी प्यार सिंह कंवर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व की विविधताओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें कवि, संवेदनशील पत्रकार, अद्वितीय संगठनकर्ता और लोकप्रिय सुशासन का प्रतीक बताया। प्यार सिंह कंवर ने कहा कि अटल जी का कवि हृदय उनकी राजनीति की आत्मा था। उनकी कविताओं में राष्ट्रभक्ति, मानवीय मूल्य और भारतीय संस्कृति की गहन झलक दिखाई देती है। उन्होंने विशेष रूप से उनके काव्य संग्रह “मेरी 51 कविताएँ” और आपातकाल के दौरान जेल में लिखी गई “कैदी कविराज की कुण्डलियाँ” का उल्लेख किया, जिन्हें आज भी प्रेरणा का स्रोत माना जाता है। उन्होंने कहा कि अटल जी के प्रसिद्ध शब्द “हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा” उनके अदम्य साहस और जीवन दर्शन का प्रतीक हैं। उनका मानना था कि साहित्य और राजनीति एक-दूसरे के पूरक हैं और साहित्य राजनेता को संवेदनशील और मानवीय बनाता है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/congress-spreading-confusionmployment-scheme-providinmahajan/
प्यार सिंह कंवर ने अटल को एक अद्वितीय संगठन शिल्पी के रूप में भी याद किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और उसके पूर्ववर्ती संगठन जनसंघ को शून्य से राष्ट्रीय स्तर पर पहुँचाने में निर्णायक भूमिका निभाई। 1980 में भाजपा की स्थापना के बाद वे इसके पहले अध्यक्ष बने और पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान की। उन्होंने गठबंधन राजनीति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के माध्यम से 20 से अधिक दलों को एकजुट कर देश में पहली स्थिर गठबंधन सरकार बनाई।अटल ने संगठन के माध्यम से भविष्य के नेतृत्व को तैयार किया। उन्होंने प्रमोद महाजन, शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे जैसे नेताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, पोखरण–II परमाणु परीक्षण और नई दूरसंचार नीति जैसे निर्णायक कदम उठाए गए, जिन्होंने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उनकी पारदर्शी, लोक-केंद्रित और जवाबदेह शासन शैली को देखते हुए उनकी जयंती को ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।कार्यक्रम में पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज, राकेश ठाकुर, राजेश महाजन, महामंत्री यशपाल कश्यप, रूपराम शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र शर्मा, जिला सचिव बी.एस. ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष गौतम, सुरेश जोशी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। सभी उपस्थित जनों ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।





















