शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अपमान के लिये सांसद अनुराग ठाकुर की आलोचना की है । उन्होंने कहा है कि अनुराग ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का अपमान करने का कोई अधिकार नही है। उन्होंने कहा है कि अनुराग ठाकुर ने उस गांधी परिवार का अपमानित करने का प्रयास किया है जिसने देश की आजादी से लेकर आधुनिक भारत के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की एकता व अखंडता के लिये अपने प्राणों तक का बलिदान दिया।
प्रतिभा सिंह ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश की मजबूत आवाज है और वह संसद के अन्दर व बाहर बहुत ही मजबूती से लोगों की आवाज उठा रहे है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की इस आवाज को दबाया नही जा सकता।उन्होंने कहा है कि भाजपा एक सोची समझी रणनीति के तहत राहुल गांधी को अपमानित करने की कोशिश कर रही है पर इसमें उसे कभी सफलता नही मिलेगी। उन्होंने कहा है कि पूरी कांग्रेस और इंडिया गठबंधन राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है। कांग्रेस इस संदर्भ में पूरे प्रदेश में इस अपमान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।