सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। धर्मशाला, 29 दिसंबर: भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने आज रिज मैदान पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके मंत्रिमंडल द्वारा किए जा रहे अनशन को ‘ड्रामेबाजी’ करार देते हुए कहा कि यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को खुश करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने मोदी सरकार की ग्रामीण रोजगार योजना VB-G RAM G की खूबियों को उजागर करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कपूर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने योजना के प्रावधानों को पढ़े बिना विरोध किया और इस विरोधाभासी व्यवहार से प्रदेश में कांग्रेस की दोहरी मानसिकता उजागर हो रही है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/bjp-attacks-aam-aadmi-party-government-over-mnrega-issue-ashwani-sharma/
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कल तक मुख्यमंत्री हड़ताल रोकने की दुहाई दे रहे थे, वहीं आज वही अनशन पर हैं, जो जनता की सेवा के बजाय नाटक जैसा प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मोदी सरकार 125 दिन का रोजगार और सम्मानजनक मजदूरी सुनिश्चित कर रही है, जबकि कांग्रेस की संकीर्ण राजनीति ग्रामीणों और मजदूरों की आजीविका पर चोट पहुंचा रही है। त्रिलोक कपूर ने सुक्खू सरकार से आग्रह किया कि वे अपना राजनीतिक अहंकार छोड़कर योजना को धरातल पर लागू करें और चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस अपनी मानसिकता नहीं बदली तो हिमाचल की जनता इस पर सख्त प्रतिक्रिया देगी। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य में हिमाचल प्रदेश की भागीदारी को किसी राजनीतिक स्वार्थ की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा।





















