सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने आज धर्मशाला उपमंडल के ढगवार स्थित मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस परियोजना के लिए पूरी धनराशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है और संयंत्र के निर्माण में गुणवत्ता व समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। कृषि मंत्री ने इस परियोजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र किसानों और दुग्ध उत्पादकों के लिए लाभकारी साबित होगा। चंद्र कुमार ने बताया कि इस संयंत्र की प्रारंभिक प्रसंस्करण क्षमता 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन (LLPD) होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 3.00 LLPD तक किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्लांट के संचालन से कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, चंबा और ऊना जिलों के लगभग 35,000 से अधिक दुग्ध उत्पादकों को सीधे लाभ मिलेगा। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और वितरण के साथ-साथ परिवहन व आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्लांट में प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण कर दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, फ्लेवर्ड मिल्क, खोया और मोज़ेरेला चीज जैसे कई डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।





















