सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भारत भ्रमण से लौटे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ ने शनिवार को शिमला स्थित ओक ओवर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर अपने यात्रा अनुभव साझा किए। बच्चों ने गोवा, दिल्ली और आगरा सहित विभिन्न स्थलों की यात्रा को रोमांचक और ज्ञानवर्धक बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से यात्रा के दौरान हवाई जहाज, वंदे भारत एक्सप्रेस, मेट्रो, क्रूज और अन्य आधुनिक परिवहन साधनों के अनुभवों के बारे में संवाद किया तथा कहा कि ऐसे शैक्षणिक और अनुभवात्मक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/aperless-admin-trailblazer-bilaspur-leads-the-way-across-himachal/
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना केवल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य देने का माध्यम है, जिसमें उच्च शिक्षा और कोचिंग की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार निभाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन बच्चों के माता-पिता नहीं हैं, उनके लिए सरकार ही अभिभावक है और उनका पालन-पोषण परिवार की भावना से किया जा रहा है। इस अवसर पर बच्चों की यात्रा पर आधारित पुस्तिका ‘सपनों की उड़ान’ का विमोचन तथा लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया।





















