सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। पंजाब में यूएस-भारत व्यापार समझौते को लेकर जारी राजनीतिक विवाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलिएवाल ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अभी तक कृषि या डेयरी उत्पादों को लेकर कोई भी फ्री ट्रेड समझौता अंतिम रूप में नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस मुद्दे को सियासत बनाने के लिए बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर रहे हैं और पंजाब की जनता को गलत सूचना दी जा रही है। बलिएवाल ने कहा कि ‘आप’ के कई नेता इस समझौते के खिलाफ बयान दे रहे हैं, जबकि उनके ही साथी उद्योगपति और मंत्री इसे लाभकारी बता चुके हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी को चुनौती दी कि यदि उनके पास किसी भी प्रकार का समझौते का मसौदा या दस्तावेज है तो उसे सार्वजनिक किया जाए।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/cm-inaugurarore-development-projects/
बलिएवाल ने कहा कि ‘आप’ सरकार बिना किसी ठोस जानकारी के डर का माहौल पैदा कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि अभी कोई प्रस्तावित समझौता भी तैयार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि ‘आप’ को यह समझौता किसानों के खिलाफ लगता है तो वे अपनी सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष आधिकारिक विरोध दर्ज कराएँ। बलिएवाल ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक प्रचार में न आएँ और सही जानकारी के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में यदि कोई भी व्यापार समझौता होता है, तो वह किसानों और डेयरी उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा और इससे कृषि क्षेत्र में निवेश तथा आय दोनों में वृद्धि होगी।





















